Skip to main content

जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई : सरपंच को रिश्वत लेते दबोचा,BPL श्रेणी को आवासीय पट्टा जारी करने के एवज में मांगी थी रिश्वत

जयपुर। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर नगर प्रथम इकाई द्वारा आज चाकसू, जयपुर में कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार बलाई सरपंच ग्राम पंचायत छान्देल कलां, तहसील चाकसू, जिला जयपुर को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की जयपुर नगर प्रथम इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि बीपीएल श्रेणी को आवासीय पट्टा जारी करने की एवज में मुकेश कुमार बलाई सरपंच ग्राम पंचायत छान्देल कलां, तहसील चाकसू जिला जयपुर द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।

इस पर एसीबी जयपुर नगर प्रथम इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उप अधीक्षक पुलिस नीरज गुरनानी एवं उनकी टीम द्वारा चाकसू जयपुर ट्रेप कार्रवाई करते हुये मुकेश कुमार बलाई सरपंच ग्राम पंचायत छान्देल कलां, तहसील चाकसू, जिला जयपुर को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सरपंच द्वारा परिवादी से पूर्व में 70 हजार रुपए रिश्वत राशि के रूप में वसूल किये जा चुके थे।

तो वहीं एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

Comments